पटना के मशहूर उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने सिर में मारी गोली

बिहार की राजधानी पटना में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के जाने-माने उद्योगपति गोपाल खेमका की शुक्रवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह भयावह घटना गांधी मैदान थाना क्षेत्र के

Jul 5, 2025 - 10:34
 0  11
पटना के मशहूर उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने सिर में मारी गोली

बिहार की राजधानी पटना में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के जाने-माने उद्योगपति गोपाल खेमका की शुक्रवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह भयावह घटना गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक के पास स्थित होटल पनाश के पास घटी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रात करीब 11:45 बजे गोपाल खेमका होटल पनाश के पास स्थित अपने घर जा रहे थे, तभी अचानक बाइक सवार हमलावर वहां पहुंचे और नजदीक से उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही खेमका खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़े। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल खेमका को तुरंत पटना के मेडिवर्सल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज की जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और एक कारतूस बरामद किया। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है ताकि हमलावरों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। घटनास्थल पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना पूरी तरह से सुनियोजित थी और इसमें पेशेवर अपराधी शामिल हो सकते हैं।

दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

गोपाल खेमका शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी माने जाते थे। वह न केवल एक सफल उद्योगपति के रूप में जाने जाते थे, बल्कि एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी जाने जाते थे। वह मगध अस्पताल के मालिक भी थे। उनकी हत्या से शहर में शोक की छाया छा गई है। कई व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। 2018 में गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका की भी हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस के अनुसार, व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता, भूमि विवाद या किसी अन्य व्यक्तिगत दुश्मनी की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर गहराई से जांच की जा रही है।

पटना में बढ़ते अपराध को लेकर एक बार फिर प्रशासन पर सवाल उठे हैं। राजधानी के इतने मध्य और भीड़भाड़ वाले इलाके में एक नामी व्यवसायी की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है। फिलहाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। शहरवासियों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow